कटंगी के शीतलाल ने न्याय न मिलने से उठाया चरम कदम खैरागढ़(ईएमएस)। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में आज दिन-दहाड़े एक बेहद सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कटंगी, गंडई के निवासी शीतलाल निर्मलकर ने अचानक खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगाकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शीतलाल अचानक कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे और खुद को आग के हवाले करने की कोशिश करने लगे। वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग दंग रह गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर शीतलाल को पकड़कर आग बुझाई। शीतलाल हल्का झुलस गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसकी स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। शीतलाल ने बताया कि वह लंबे समय से अपने गांव में सामाजिक बहिष्कार और उत्पीड़न का शिकार है। उसके अनुसार, कुछ प्रभावशाली लोगों ने उसे और उसके परिवार को समाज से अलग कर दिया है, जिससे उसके बच्चों की पढ़ाई और परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कई बार स्थानीय थाने, कलेक्टर कार्यालय, गृह विभाग और मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिला प्रशासन ने घटना के बाद कहा कि शीतलाल की पुरानी शिकायतों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026