ग्वालियर ( ईएमएस ) हजीरा थाना क्षेत्र के यादव धर्म कांटा के पास वीडियो कॉल पर बात करते हुए चल रहे स्कूटी सवार युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी है। हादसे में स्कूटी सवार गिरकर घायल हुआ है। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक मोबाइल पर बातचीत करते हुए नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक वीडियो कॉल पर किसी से बात कर रहा था। अचानक आगे कार आने पर एक हाथ से ब्रेक लगाया और उसी समय पीछे से आ रहा अज्ञात लोडिंग वाहन उसे रौंदता हुआ निकल गया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान कर रही है। उप नगर मुरार लालटिपारा निवासी 28 वर्षीय दीपक सिंह तोमर पुत्र राधेश्याम सिंह टाटा के वर्कशॉप में कर्मचारी था। रविवार को अवकाश होने पर वह किसी जरुरी काम से हजीरा जा रहा था। वह स्कूटी पर सवार होकर हजीरा यादव धर्मकांटा के पास ब्रह्माणी हॉस्पिटल के सामने से गुजर रहा था। दीपक गाड़ी चलाते समय किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। तभी अचानक आगे कार आ गई। कार को देखते ही दीपक ने अचानक एक हाथ से स्कूटी के ब्रेक लगा दिए। इसी समय पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। स्कूटी और वाहनों की टक्कर होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया और उसके परिजन को सूचना दी। घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है |