09-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) मूलतः धार जिले की रहने वाली एक छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। वह इंदौर के डीआरपी लाइन स्थित क्वार्टर में अपने चाचा के यहां रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। इससे पहले वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी, लेकिन कॉलेज की पढ़ाई शुरू होने के बाद वह अपने चाचा के यहां आ गई थी। मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मृतका छात्रा का नाम की दुर्गा कन्नोजे उम्र अठारह साल है। पुलिस को मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि कल शाम वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली थी। इस पर उसकी चचेरी बहन उसे देखने कमरे तक गई, लेकिन वापस लौट आई। कुछ समय बाद जब दुर्गा को फिर आवाज दी गई और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने अपने पिता विक्रम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां दुर्गा अंदर फंदे पर लटकी हुई मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दुर्गा एक दिन पहले ही धार से इंदौर आई थी। उसके चाचा और बुआ इंदौर पुलिस में पदस्थ हैं। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 09 फरवरी 2026