09-Feb-2026
...


- कुछ दिनों बाद कुत्ता भी गांव में मरा मिला दतिया ( ईएमएस) शहर में आवारा कुत्ते के काटने के 25 दिन बाद 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को एंटी-रेबीज वैक्सीन की तीन डोज दी जा चुकी थीं, लेकिन सिर और गर्दन पर काटने की वजह से वायरस तेजी से दिमाग तक पहुंच गया, जिससे बच्चे की जान चली गई। हालांकि कुछ दिनों बाद कुत्ता भी गांव में मरा मिला है। दतिया के सपा पहाड़ क्षेत्र में अशोक प्रजापति का 6 वर्षीय बेटा हंस प्रजापति 13 जनवरी की दोपहर घर के बाहर खेल रहा था, तभी गली में घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर, हाथ और गर्दन को नोच डाला। परिजन तत्काल बच्चे को दतिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान डॉक्टर्स ने एंटी रेबीज वैक्सीन, टिटनेस का इंजेक्शन और इम्युनोग्लोबिन लगाया। तय डेट के मुताबिक 16 जनवरी को दूसरी और 20 जनवरी को तीसरी डोज दी गई। अंतिम डोज 10 फरवरी को लगनी थी, लेकिन 6 फरवरी की शाम बच्चे में रेबीज के गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे। हंस प्रजापति स्कूल से घर आया तो सिर दर्द की शिकायत की। इस दौरान उसके मुंह से लार बह रही थी। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के पीआईसीयू में भर्ती किया गया। यहां से डॉक्टर्स ने ग्वालियर रेफर किया। परिजन ग्वालियर से झांसी लेकर गए, लेकिन रविवार की रात बच्चे ने दम तोड़ दिया।