क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढ़ा) में घरेलू विवाद के दौरान गर्भवती महिला की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद में आरोपी ने पत्नी पर डंडे से हमला कर उसकी जान ले ली थी, जिसके बाद वह अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार ग्राम बेलसुंगा निवासी जेठू विश्वकर्मा (45) ने नारायणपुर थाना में सूचना दी कि उसकी बेटी कमला विश्वकर्मा की हत्या कर दी गई है। मृतका कमला का प्रेम संबंध ग्राम ढोढ़ीबहार निवासी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27) से था, जो उसे पत्नी के रूप में रखे हुए था। दोनों की एक दो वर्षीय पुत्री है और कमला लगभग छह माह की गर्भवती थी। बताया गया कि सब्जी बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने आवेश में आकर पास पड़े लकड़ी के डंडे से पत्नी की पिटाई कर दी और सिर पर गंभीर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बच्ची को लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी बगीचा की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और उसे उसके गृहग्राम ढोढ़ीबहार (चौकी दोकड़ा) से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 फरवरी 2026