क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


सरगुजा(ईएमएस)। जिले के पुलिस लाइन मैदान के पश्चिमी हिस्से में पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तावित आवासीय भवन निर्माण को लेकर खिलाड़ियों, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष बढ़ रहा है। इस मुद्दे पर गौरी वार्ड क्रमांक-29 के पार्षद विकास पाण्डेय ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को पत्र लिखकर निर्माण स्थल बदलने की मांग की है। पार्षद पाण्डेय ने पत्र में उल्लेख किया है कि पुलिस लाइन मैदान में बौरीपारा समेत आसपास के पांच वार्डों के सैकड़ों खिलाड़ी वर्षों से नियमित अभ्यास करते आ रहे हैं। यहां स्थानीय युवाओं के साथ-साथ पुलिस विभाग के कर्मचारी और उनके बच्चे भी खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। इस मैदान से कई खिलाड़ियों ने जिला और राज्य स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने आशंका जताई कि मैदान के बीच आवासीय भवन बनने से मैदान का क्षेत्रफल कम होगा, जिससे खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। साथ ही भवन में रहने वाले लोगों को भी खिलाड़ियों की गतिविधियों से असुविधा होने की संभावना जताई गई है। पार्षद ने सुझाव दिया कि पुलिस लाइन परिसर में अन्य वैकल्पिक स्थान मौजूद हैं, जैसे पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर के सामने, पुराने निरीक्षक आवास क्षेत्र, महिला थाना के पीछे या उसके दक्षिण दिशा में भवन निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 फरवरी 2026