क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले के पचपेड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक महिला ने अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। महिला ने आसपास मौजूद लोगों पर भी पेट्रोल फेंकने और आग लगाने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में अतिक्रमण हटाने को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम और जेसीबी मशीन के सामने संबंधित परिवार धरने पर बैठ गया। हालात बिगड़ते देख राजस्व विभाग को फिलहाल कार्रवाई रोकनी पड़ी। नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि पचपेड़ी गांव में कुल 22 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। तहसीलदार और अर्जुनी पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन विरोध के चलते इसे स्थगित करना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि मंगलवार को अतिरिक्त सुरक्षा बल की मौजूदगी में दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल छिड़कने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को कानून हाथ में न लेने की समझाइश दी गई। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 फरवरी 2026