धमतरी(ईएमएस)। जिले के नगरी ब्लॉक के डोकाल क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन सड़क योजना के तहत बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में बनी पक्की सड़क में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार, शासन द्वारा कमार जनजाति की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोर्रा क्षेत्र में सड़क निर्माण कराया गया था, लेकिन ठेकेदार ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरती। उनका कहना है कि सड़क में नाममात्र का डामर इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण सड़क उखड़ने लगी और उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है। डोकाल निवासी गोवर्धन सिन्हा, उमा बाई, पदुमलाल नेताम, उर्वशी बाई सहित अन्य ग्रामीणों ने डोकाल से खिजलवा डेरा और बिल्लू डेरा तक सड़क निर्माण तथा पुल बनाने की भी मांग उठाई। सरपंच प्रियंका ने बताया कि बरसात में नाले में पानी भरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है। इसके अलावा ग्रामीणों ने बेहरा ढोड़गी क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के लिए चेक डेम निर्माण और कोर्रा क्षेत्र में नेटवर्क समस्या दूर करने की भी मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों में बिसाहू राम, कुमारी बाई, ईश्वरी, डेमिन साहू, कनेश्वरी, अगसिया बाई, कमला बाई, चंदा, चंद्रिका और खिलेश्वरी वर्मा सहित कई लोग शामिल थे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 फरवरी 2026