खेल
10-Feb-2026


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने पाकिस्तान के पहले वाले रुख से पलटते हुए भारत के खिलाफ टी20 विश्वकप मैच खेलने के फैसले पर उसका मजाक उड़ाया है। पाक ने इससे पहले बांग्लादेश के समर्थन में विश्वकप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की घोषणा की थी। इसके बाद पाक बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और अन्य सदस्य देशों के दबाव में अपने बहिष्कार के फैसले को बदल दिया। इसी को लेकर पाक पर तंज कसते हुए जाफर ने सोशल मीडिया में एक मीम साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा ‘अगर तुम जानते हो तो तुम जानते हो’। जाफर ने यहां किसी का नाम तो नहीं लिया, मगर संकेत पाक की ओर था। पाक पिछले काफी सालों से भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की धमकी देता है पर बाद में वह वह अपने बयान से पलट जाता है। साल 2023 में जब भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जा रहा था तो तब भी उसने विश्वकप में भारत से मैच खेलने से मना कर दिया था पर बाद में वह खेलने को तैयार हो गया। साल 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भी मैच रेफरी को लेकर उसने विरोध जताया था और यूएई के खिलाफ मैच खेलने टीम देर से मैदान पर उतरी थी। ईएमएस 10 फरवरी 2026