खेल
10-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भारत के खिलाफ टी20 विश्वकप मैच खेलने के लिए तैयार होने पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को धन्यवाद दिया है। पाक सरकार ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वो इस मैच का पहले बहिष्कार करने का फैसला किया था पर श्रीलंकाई राष्ट्रपति के अनुरोध और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के दबाव में उसने ये फैसला बदल दिया है। दिसानायके ने पाक प्रधानमंत्री को एक पत्र भेजकर याद दिलाया था कि श्रीलंका ने कठिन हालातों में भी उसका साथ दिया था। जब कोई टीम दौरा नहीं कर रही थी तब वह पाक के दौरे पर पहुंची थी। इसी के बाद पाक सरकार ने पहले अपने फैसले से पलटते हुए अब अपनी पुरुष क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ तय मैच खेलने की अनुमति दे दी है। यह मैच 15 फरवरी 2026 को खेला जाएगा। दिसानायके ने सोशल मीडिया में लिखा कि वह खुश हैं कि क्रिकेट का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला अपने तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह अहम मैच कोलंबो में ही होगा। उन्होंने ये भी लिखा कि जिस खेल से हम सभी प्यार करते हैं, वह चलता रहे। उन्होंने साथ ही कहा, टूर्नामेंट के सह आयोजक के तौर पर, श्रीलंका आईसीसी और सभी संबंधित लोगों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देता है। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश को विश्वकप से बाहर किये जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का संकेत दिया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत से अपने मैच श्रीलंका कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था। पाकिस्तान की बहिष्कार की धमकी पर आईसीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसकी सभी शर्तें खारिज कर दी थीं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी पाक से र श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तान से अपना फैसला बदलने की अपील की थी। इन अपीलों के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान की टीम को मैच खेलने की हरी झंडी दे दी। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध को देखते हुए यह अनुमति दी गई है। उसके एक बयान में कहा गया, कई देशों की बातचीत में मिले परिणामों और मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय टीम को मैदान में उतरने का निर्देश देती है। गिरजा/ईएमएस 10 फरवरी 2026