नई दिल्ली (ईएमएस)। बास डे लीडे के अच्छे प्रदर्शन से नीदरलैंड ने यहां खेले गये टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में नामीबिया को 7 विकेट से हराया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया ने 8 विकेट पर 156 रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए मिले 157 रनों के लक्ष्य को नीदरलैंड ने 18 ओवरों में ही हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए डच टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मैक्स ओ दाउद के केवल 7 रन बनाकर आउट हो गये। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आये बास डे लीडे ने 48 गेंद पर 4 छक्कों और 5 चौकों की सहायता से नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलायी। लीडे ने दूसरे विकेट के लिए माइकल लेविट 28 रनों के साथ ही 30 और तीसरे विकेट के लिए कोलिन एकरमैन 32 के साथ 68 रन की साझेदारी बनायी। इसके अलावा लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ 43 रन बनाये। स्कॉट 18 रन बनाकर आउट नहीं हुए। नीदरलैंड ने 18 ओर में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वहीं इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया की ओर से निकोल लोफ्टी-ईटन ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाये। 38 गेंदों की अपनी इस पारी में निकोल ने 2 छक्के और 1 चौका लगाया था। इसके अलावा जान फ्राइलिंक ने 30 और जेजे स्मिट ने 22 रन बनाये। कप्तान गेरहर्ड इरासमस ने 18 रन बनाए थे। डच टीम की ओर से डे लीडे और लोगान वान बीक ने 2-2, जबकि आर्यन दत्त और फ्रेड क्लासेन ने 1-1 विकेट लिया। गेंद ओर बल्ले से ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बास डे लीडे को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। लीडे ने बल्लेबाजी के दौरान जहां नाबाद 72 रन बनाये। वहीं गेंदबाजी के दौरान दो विकेट भी लिए। गिरजा/ईएमएस 10 फरवरी 2026