- हिंदूवादी संगठनों ने जताया विरोध, किया शुद्धिकरण जबलपुर (ईएमएस)। गढ़ा थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक द्वारा शराब के नशे में मंदिर में पेशाब किए जाने की घटना के बाद लोगों में तनाव व्याप्त हो गया। बताया जाता है कि गढा के सिंगरहा मोहल्ला में स्थित शिवमंदिर में बीती रात रिजवान उर्फ रिज्जू नामक युवक ने शराब के नशे में शिवलिंग पर पेशाब कर दी। रिजवान की इस हरकत को देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए, देखते ही देखते सैकड़ों लोग पहुंच गए, जिन्होंने जमकर हंगामा किया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी दलबल मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने लोगों को समझाईश देते हुए आरोपी रिजवान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। यहां मंगलवार की सुबह से बजरंग दल व विहिप अन्य हिंदूवादी संगठन के कार्यकताओं ने मंदिर में गंगा जल के साथ शुद्धिकरण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ा की सिंगरहा बस्ती से लगा मैदान शाम ढलते ही शराब पीने वालों का अड्डा बन जाता है। यहां पर आसपास के असामाजिक तत्व आकर शराब पीकर हंगामा करते है। बीती रात इन्हीं में से एक रिजवान उर्फ रिज्जू भी शराब पी रहा था। शराब पीते हुए रिजवान कुछ दूर पर बने चबूतरे पर पहुंच गया। जहां पर उसने शिवलिंग के पास पेशाब की और वहीं लेट गया। रिजवान को पेशाब करते देख आसपास खड़े युवक आक्रोशित हो गए। थोड़ी देर में ही यह खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर देखते ही देखते सैकड़ों लोग एकत्र हो गए, यहां तक कि हिन्दू संगठन के स्थानीय पदाधिकारी भी आ गए। जिन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए नारेबाजी शुरु कर दी। लोगों का कहना था कि युवक की हरकत से हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए थे, जिन्होंने लोगों को कार्यवाही का आश्वासन देते हुए शांत कराया। इसके बाद हिन्दू संगठन के लोग थाना पहुंच गए, वहां पर कार्यवाही को लेकर प्रदर्शन व नारेबाजी करते रहे। बाद में पुलिस ने मामले में रिजवान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं मंगलवार को हिंदू संगठन के कार्यताओं ने मंदिर में पहुंचकर शिवमंदिर की शुद्धिकरण का काम कर पूजा पाठ भी की। अजय पाठक / मोनिका / 10 फरवरी 2026/ 2.46