जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर देहात थाना चरगवां के ग्राम कोटावारी से एक 25 वर्षीय युवक लगभग एक सप्ताह पूर्व से लापता है परंतु अब तक उसका कोई पता नहीं चला है। लापता युवक के परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटावारी निवासी 25 वर्षीय रोहित मेहरा मंगलवार, 3 फरवरी को अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह बरगी स्थित एलएंडटी कंपनी जा रहा है। हालांकि, वह न तो कंपनी पहुंचा और न ही शाम तक घर वापस लौटा। जब देर रात तक रोहित का कोई संपर्क नहीं हुआ, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला और कार्यस्थल पर भी उसके न पहुंचने की पुष्टि हुई। लापता युवक के परिवार ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी है लेकिन एक सप्ताह का समय बीत जाने पर भी कोई ठोस सुराग हाथ न लगने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।