अहमदाबाद (ईएमएस)| अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) का वर्ष 2026-27 का संशोधित बजट पेश किया गया, जिसमें 18,518 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को मंजूरी दी गई है। ड्राफ्ट बजट की तुलना में इसमें 1500 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। इस बजट में विवादित कत्लखाने के प्रस्ताव को वापस ले लिया गया है। स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन देवांग दाणी ने संशोधनों के साथ यह बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास, ट्रैफिक समाधान, स्वास्थ्य सुविधाओं और नागरिक कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट के तहत चांदलोड़िया वार्ड में टीपी-72 और टीपी-233 के पास ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अंडरपास बनाए जाएंगे। AMC की विभिन्न समितियों के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के स्पेशल बजट में बढ़ोतरी की गई है, जिसमें चेयरमैन को 10 लाख रुपये और डिप्टी चेयरमैन को 5 लाख रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। निकोल वार्ड में 50 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल इंस्टीट्यूट ऑफ सुपर स्पेशियलिस्ट हॉस्पिटल बनाया जाएगा। वहीं, शहर के मौजूदा सभी स्टॉर्म वॉटर और ड्रेनेज नेटवर्क के पुनर्वास के लिए 115 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रॉपर्टी टैक्स समय पर भरने वालों को भी राहत दी गई है। पिछले तीन वर्षों से एडवांस प्रॉपर्टी टैक्स भरने वालों को अब 10% की बजाय 12% रिबेट मिलेगी, जबकि ऑनलाइन टैक्स भुगतान करने पर 15% रिबेट का लाभ मिलेगा। उत्तर-पश्चिम ज़ोन में वर्ल्ड पार्क थीम बेस्ड गार्डन 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। वायएमसीए क्लब से एस.पी. रिंग रोड तक के मार्ग को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, एएमसी के 100 गार्डनों में योगा सेंटर और कोचिंग ट्रेनर, उत्तर-पश्चिम ज़ोन में 5 करोड़ रुपये का बोन्साई गार्डन, शहर के हर ज़ोन में महिला जिम, और एएमसी क्षेत्र में डॉग शेल्टर बनाने की भी योजना शामिल है। सतीश/10 फरवरी