राज्य
10-Feb-2026


* 195 अतिरिक्त बसें, 7800 से अधिक ट्रिप और 3.70 लाख यात्रियों को सुविधा देने का लक्ष्य अहमदाबाद (ईएमएस)| कल से अगले पाँच दिनों तक जूनागढ़ में महाशिवरात्रि मेला आयोजित होने जा रहा है। इस मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य परिवहन (एस.टी.) निगम द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। गत वर्ष 2.91 लाख यात्रियों ने इस सेवा का लाभ लिया था, जिसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। इस वर्ष लगभग 195 अतिरिक्त बसों के माध्यम से 7800 से अधिक ट्रिप संचालित कर करीब 3.70 लाख यात्रियों को सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। महाशिवरात्रि मेले को ‘मिनी कुंभ मेला’ के नाम से भी जाना जाता है। इस वर्ष का मेला अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भवनाथ में भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुँचेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए कुल 195 अतिरिक्त बसें चलाई जाएँगी। जूनागढ़ बस स्टेशन से गिरनार की तलहटी तक प्रतिदिन 80 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। अंतर-जिला परिवहन सुविधा के अंतर्गत आसपास के जिलों से आने वाले भक्तों के लिए जूनागढ़ डिवीजन की 65 तथा अन्य डिवीजनों की 50, कुल मिलाकर 115 एक्सप्रेस बसें चलाई जाएँगी। यात्रियों की सुरक्षा और समयपालन सुनिश्चित करने के लिए मेले के दौरान सभी बसों की 24×7 जीपीएस के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी। एस.टी. निगम द्वारा की गई इस सुदृढ़ योजना के कारण शिवभक्त बिना किसी बाधा के महादेव के दर्शन कर भवनाथ महाशिवरात्रि मेले का आनंद ले सकेंगे। सतीश/10 फरवरी