10-Feb-2026
...


- देवरी पुलिस की सतर्कता, सतत विवेचना और तकनीकी-मैदानी प्रयासों से मिली बड़ी सफलता देवरी/सागर (ईएमएस)। जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं गंभीर अपराधों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध सागर पुलिस ने एक अत्यंत जघन्य, संवेदनशील एवं सनसनीखेज हत्या के मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। यह मामला प्रेम, विवाह, अवैध संबंध, विश्वासघात और नृशंस हत्या से जुड़ा हुआ है, जिसने क्षेत्र में व्यापक चर्चा को जन्म दिया था।पुलिस अधीक्षक सागर विकाश कुमार शाहवाल के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवरी श्री हरिराम मानकर के नेतृत्व में देवरी पुलिस टीम द्वारा 6 माह से लापता युवक की हत्या के अंधे मामले को सुलझाने में सफलता अर्जित की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक प्रिंस पिता राजेश वाल्मीकि उम्र 22 साल निवासी लक्ष्मी नगर बहेरिया जिला सागर 20 अगस्त 2025 से देवरी से लापता था। घटना दिनांक से ही देवरी पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी/आरोपियों की तलाश हेतु गंभीरता से विवेचना की जा रही थी। पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की गई, जिसमें तकनीकी साक्ष्य, सामाजिक जानकारी, पारिवारिक पृष्ठभूमि, मोबाइल लोकेशन, पूछताछ एवं गोपनीय सूचनाओं को लगातार संकलित किया गया।लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस को यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी के अपने प्रेमी सोहेल खान निवासी गांधी वार्ड देवरी के साथ अवैध संबंध थे। इसी अवैध संबंधों के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी प्रेमी ने साजिश के तहत मृतक को पहले दिनभर शराब पिलाई, उसके पश्चात सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को देवरी क्षेत्र स्थित एक स्कूल ग्राउंड में दफना दिया। शव को दफनाने के बाद आरोपियों द्वारा उस पर नमक डालकर एवं मिट्टी से ढककर पहचान छुपाने का प्रयास किया गया। किन्तु देवरी पुलिस द्वारा की गई सूक्ष्म विवेचना, सतत निगरानी और पेशेवर पुलिसिंग के चलते आरोपियों की साजिश अधिक समय तक छुप नहीं सकी।पुलिस द्वारा संदिग्धों से सख्ती एवं विधिसम्मत पूछताछ करने पर आरोपी सोहेल खान ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद आरोपी की निशानदेही पर स्कूल ग्राउंड से शव बरामद किया गया। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया । आरोपी सोहेब खान पिता नवाज खान निवासी गांधी वार्ड देवरी जिला सागर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया ।आरोपी का पीआर प्राप्त कर मामले में और भी पूछताछ की जा रही है।इस पूरे मामले के खुलासे से यह स्पष्ट होता है कि सागर पुलिस न केवल गंभीर अपराधों में धैर्य एवं सूझबूझ से कार्य करती है, बल्कि अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, अपराधी को कानून के शिकंजे से बाहर नहीं जाने देती। इस कार्रवाई से पुलिस की आमजन में छवि और जनविश्वास को और अधिक मजबूती मिली है। इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवरी निरीक्षक हरिराम मानकर, उप निरीक्षक समरथ सीनम, प्रधान आरक्षक नरेश जाटव, मनोज मिश्रा, आरक्षक लवकुश, राजीव तोमर, पूरन यादव, समीर राघव, अमित कुर्मी की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने निरंतर प्रयास, तकनीकी दक्षता एवं मैदानी सक्रियता के माध्यम से अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा किया।सागर पुलिस आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं न्याय दिलाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशील, प्रभावी एवं जनहितकारी पुलिसिंग करती रहेगी। निखिल सोधिया/ईएमएस/10/02/2026