राज्य
10-Feb-2026
...


ग्वालियर/इंदौर (ईएमएस)। ग्वालियर में संपन्न हुई खेलो मप्र युवा खेल राज्य रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा में इंदौर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन प्रमुख खिताब अपने नाम किए। इंदौर के कन्हैया शर्मा ने बालक एकल और कनिका जाट व अवनी यादव ने बालिका युगल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। :: कन्हैया शर्मा बने जूनियर चैंपियन :: 19 वर्ष बालक एकल का फाइनल मुकाबला इंदौर संभाग के ही दो खिलाड़ियों के बीच खेला गया। कन्हैया शर्मा ने धार जिले के तनमय शर्मा को सीधे सेटों में 21-16, 21-14 से पराजित किया। यह मुकाबला 34 मिनट तक चला। :: बालिका युगल में कनिका-अवनी की जोड़ी अव्वल :: बालिका युगल (अंडर-19) के फाइनल में इंदौर की कनिका जाट और अवनी यादव की जोड़ी ने कृतिका पाठक और आदित्या शर्मा को कड़े संघर्ष में 21-14, 18-21, 21-9 से हराकर खिताब जीता। इस मुकाबले का फैसला 47 मिनट में हुआ। :: अवनी यादव को एकल में रजत :: दोहरे खिताब की ओर बढ़ रही अवनी यादव को बालिका एकल (अंडर-19) के फाइनल में पाखी गुप्ता से 15-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें उपविजेता (रजत पदक) से संतोष करना पड़ा। इससे पहले सेमीफाइनल में अवनी ने अपनी ही संभाग की अविका वर्मा को 21-15, 21-12 से हराया था। मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस राज्य रैंकिंग स्पर्धा के लिए इंदौर संभाग की टीम का चयन एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में किया गया था। खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन के अध्यक्ष अनिल भंडारी, सचिव आर पी सिंह नैयर, सह सचिव धर्मेश यशलहा, खेल अधिकारी रीना चौहान एवं राजेश शाक्य सहित खेल प्रेमियों ने बधाई दी है। प्रकाश/10 फरवरी 2026