* सीएसईबी मैदान बना इनके विवाह का साक्षी कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में बिजली कंपनी का खेल मैदान नव दम्पत्ति के विवाह का साक्षी बन गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत यहां पर 250 से अधिक जोड़ो को नवजीवन में प्रवेश मिला। सभी को सरकार की योजना के अंतर्गत अनुग्रह राशि के चेक दिए गए। महिला बाल विकास विभाग की देखरेख में यह आयोजन सीएसईबी खेल मैदान में किया गया। जिले के अनेक स्थान से युवक/युवतियों व उनके परिजनों की पहुच यहां पर हुई। पहले से ही इनका विधिवत पंजीयन और जरूरी सत्यापन किया गया। तय कार्यक्रम के तहत बारात निकाली गई। इसके बाद अन्य औपचारिकता पूरी की गई। गायत्री परिवार और अन्य सामाजिक संगठनों के द्वारा विवाह की परंपरा निभाई गई। जड़ प्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों ने सभी नव युगल को बधाई दी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजुदेवी राजपूत ने सरकार की योजना से सभी कन्याओं को अनुग्रह राशि के चेक देते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि कोरबा सहित प्रदेश में 6412 जोड़े विवाह बंधन में आबद्ध हुए। इस आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिलाधिकारी कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, पार्षद सहित नागरिक उपस्थित थे। 10 फरवरी / मित्तल