राज्य
10-Feb-2026


बदायूं (ईएमएस)। यूपी के बदायूं जिले के सहसवान रेंज में तैनात चार वन दरोगाओं पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में उझानी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। सहसवान के ही एक गांव की महिला ने 10 जनवरी की वारदात बताकर एफआईआर लिखाने के लिए कोर्ट का सहारा लिया था। महिला का कहना है कि दस जनवरी की दोपहर वह दवा लेने के लिए सहसवान से बदायूं आने के लिए घर से निकली थी। उझानी के अकराबाद चौराहे पर वाहन का इंतजार करते समय एक कार रुकी। उसमें बैठे एक व्यक्ति ने बदायूं चलने की आवाज लगाई। वह उसमें बैठ गई। उसमें पहले से तीन और युवक थे। भैंसोर पुल पार करने के बाद कार कच्चे रास्ते पर झाड़ियों की ओर मोड़ दी। उन चारों ने तमंचे और चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। उसे तमंचे की बट से बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसी बीच वहां से गुजर रहे दो व्यक्तियों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। महिला के मुताबिक इन युवकों में शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के गांव पदेचा का सूरज मोहन, कांट इलाके का ही श्यामवीर, बदायूं का पुष्पेंद्र और बरेली के सुभाषनगर का देवेंद्र शामिल थे। वे वन विभाग की सहसवान रेंज में दरोगा के पद पर तैनात हैं। उझानी कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो वह कोर्ट गई। दुष्कर्म के आरोपी चारों वन दरोगाओं की पांच माह पहले ही सहसवान रेंज में तैनाती हुई है। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक चारों आरोपी सूरज मोहन, श्यामवीर, देवेंद्र और पुष्पेंद्र एक कार से साथ घूमते हैं। दुष्कर्म की घटना के वक्त भी यही कार बताई गई है। इसलिए यह कार पहले से क्षेत्र में चर्चा में बनी हुई थी। जितेन्द्र 10 फरवरी 2026