- सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा बेटी की तस्वीर वाराणसी (ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के वाराणसी जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इंकार करने पर युवती को तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने थाने में एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। आरोप है कि युवक लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर लड़की को जान से मारने व तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा था। पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी युवक दीपू सहानी, कटेसर का निवासी है। वह कई दिनों से उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोपी ने युवती की तस्वीरें उसके बिना इजाजत इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा, युवक दिनभर पीड़िता के घर के आसपास घूमता रहता है और कभी खिड़की, तब कभी दरवाजा पीटकर परिवार को डराने की कोशिश करता है। महिला ने बताया कि आरोपी ने धमकी दी है कि यदि उसकी बेटी की शादी उससे नहीं कराई गई, तब वह उस किसी और से भी शादी नहीं करने देगा और उस पर तेजाब फेंक देगा। इन धमकियों से डरे परिवार ने बेटी का स्कूल जाना तक बंद किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 9 फरवरी को परीक्षा के दिन आरोपी ने सड़क पर रोक लिया और विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। मोबाइल के बैक कवर में 5 हजार रुपये भी रखे थे। पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उस गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।