- भाजपाईयों इनको मुस्लिमों, दलितों और कांग्रेसियों से नफरत राजगढ़ (ईएमएस ) मंगलवार को कांग्रेस ने राजगढ़ जिले के भैंसवा माता में संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जीतू पटवारी बोले कि बीजेपी के पाखंड को कैसे तोड़ें यह जनता को बताना है। इनको हिन्दू धर्म से कोई लेना देना नहीं है। हिन्दू वोट चाहिए इनको, इनका पाखंड याद दिलाते रहना है। हमें हिन्दू धर्म ने सिखाया वसूधेव कुटुंबकम की बात, इंसान से इंसान, मानवता पेड़ पौधे और प्रकृति से प्रेम इसकी हम सब मिलकर रक्षा करें। हम तो बीजेपी के साथियो से भी नफरत नहीं करते हैं जो हमें रोज किसी न किसी तरह की यातना देते हैं। इनको मुसलमानों से नफरत, दलितों से नफरत, कांग्रेसियों से नफरत, इसीलिए वो ज्यादा हिन्दू बनते हैं, इनको असली हिन्दू नहीं बनना है। इधर, मंदिर जाएंगे और उधर मुर्गे खाएंगे। कोई एक बीजेपी का नेता जो अभी हिन्दू सम्मेलन में आया था, एक लाकर बता दो जो हिन्दू सम्मेलन में गया और मुर्गा नहीं खाता हो। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और बूथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकना रहा। - बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती पर हुई बात प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी और संजय कामले ने पंचायत स्तर से आए हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने, कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने और मतदान के दिन की रणनीति के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओ से कहा कि आगामी चुनाव में जीत का रास्ता हर एक बूथ की मजबूती से होकर गुजरता है। - कांग्रेस नेत्री बोलीं- भाजपा ने गायों के नाम पर सिर्फ वोट लिए कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री रचना भार्गव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने गाय के नाम पर राजनीति कर वोट तो हासिल कर लिए, लेकिन आज गौवंश सड़कों पर दर-दर भटकने को मजबूर है। भार्गव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार केवल रिश्वतखोरी में व्यस्त है और कांग्रेस सरकार के समय हुए विकास कार्यों पर अपना नाम चस्पा कर जनता को गुमराह कर रही है। इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम में पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक हजारीलाल मालवीय, कृष्णमोहन मालवीय, घनश्याम पाटीदार, और अजा नेता राधेश्याम सोमतिया सहित सारंगपुर व पचोर के सभी ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्ष मौजूद रहे। निखिल कुमार (राजगढ़)10/2/2026