भोपाल(ईएमएस)। जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।श्री श्री 1008 दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों की ओर से इस अवसर पर अनेक विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 फरवरी को सायं 6:00 बजे से होगी। इस अवसर पर भगवान शिव एवं माता पार्वती को मेहंदी-हल्दी लगाई जाएगी। महिलाओं द्वारा बन्ना-बन्नी के मंगल गीत गाए जाएंगे तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 15 फरवरी (रविवार) को प्रात:काल से ही मंदिर परिसर में विशेष रुद्राभिषेक संपन्न होंगे। सायं 5:00 बजे से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें रथ, डीजे एवं ढोल-नगाड़ों के साथ वर्धमान सिटी एवं पटेल नगर क्षेत्र का भ्रमण किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में भगवान शिव एवं माता पार्वती का विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा आकर्षक विद्युत साज-सज्जा (लाइटिंग) की व्यवस्था रहेगी। महाशिवरात्रि की पावन रात्रि में चारों प्रहर विशेष अभिषेक किए जाएंगे प्रथम प्रहर में चंद्र दोष निवारण हेतु दूध से अभिषेक, द्वितीय प्रहर में लक्ष्मी प्राप्ति हेतु गन्ने के रस से अभिषेक, तृतीय प्रहर में रोग नाश हेतु शहद से अभिषेक, चतुर्थ प्रहर में मोक्ष प्राप्ति हेतु गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रात्रि 8:00 बजे से विश्व जनकल्याण, अमन-शांति एवं सुख-समृद्धि की मंगल कामना के साथ भगवान शिव का सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दादाजी धाम मंदिर में अखंड ज्योति, अखंड धूनी एवं भगवान अर्धनारीश्वर का जागृत स्थल स्थित है। मान्यता है कि महाशिवरात्रि की रात्रि में अभिषेक करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। दादाजी धाम परिवार द्वारा समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र अनुरोध किया गया है। श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु मंदिर के पट पूरे दिन खुले रहेंगे। आशीष पाराशर , 10 फरवरी,2026