:: पान की दुकान की आड़ में छात्रों को परोस रहा था मौत का सामान; महालक्ष्मी नगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छ इंदौर को नशा मुक्त इंदौर बनाने के अभियान में एक पत्नी ने वह मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में एक महिला ने घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपने ही पति के अवैध काले साम्राज्य को ध्वस्त कर दिया। महिला ने अपने पति द्वारा गांजा और स्मैक की तस्करी करने का वीडियो सीधे पुलिस कमिश्नर को भेजा, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। पत्नी के इस अदम्य साहस ने न केवल एक परिवार को दलदल से निकाला, बल्कि सैकड़ों छात्रों को नशे की गिरफ्त में जाने से भी बचा लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में एक छोटी सी पान की दुकान संचालित करता था। यह दुकान केवल एक मुखौटा थी, जिसकी आड़ में वह शहर के प्रतिष्ठित कॉलेजों और हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को गांजा और स्मैक जैसे घातक नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। आरोपी ने पान की दुकान को नशे का जंक्शन बना रखा था। पत्नी लंबे समय से उसे इस गंदे धंधे को छोड़ने के लिए समझा रही थी, लेकिन जब वह नहीं माना तो महिला ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पुलिस का सहारा लिया। :: छापेमारी में स्मैक और गांजा बरामद, आरोपी सलाखों के पीछे :: पुलिस कमिश्नर को प्राप्त हुए वीडियो साक्ष्य के बाद लसुड़िया और आसपास की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने जब दुकान और घर की तलाशी ली, तो वहाँ से भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद हुआ। नशे की खेप मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों को बेनकाब किया जा सके। :: पुलिस कमिश्नर ने की सराहना, तस्करों को सख्त चेतावनी :: इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस प्रशासन ने महिला के साहस की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणा बताया है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक जारी रहेगी। अफसरों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पान की दुकानों या ढाबों की आड़ में जहर बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहाँ से लाता था और इंदौर में उसके मुख्य ग्राहक कौन-कौन हैं। प्रकाश/10 फरवरी 2026