* गांधीधाम से शुरू हुई अभिनव पहल, तेज़, स्वच्छ और सुरक्षित थोक माल परिवहन की नई मिसाल अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के गांधीधाम क्षेत्र ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। विश्व में पहली बार भारतीय रेलवे द्वारा स्टेनलेस स्टील कंटेनर में औद्योगिक नमक का सफलतापूर्वक लदान गांधीधाम के नीलकंठ ज़ोन से किया गया। यह नवाचारपूर्ण पहल औद्योगिक थोक माल के सुरक्षित, स्वच्छ एवं उच्च दक्षता वाले परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई है। माननीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी ने x पर पोस्ट कर से इस अभिनव पहल की सराहना की। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने कहा: कि स्टेनलेस स्टील कंटेनर में औद्योगिक नमक का यह सफल परीक्षण भारतीय रेलवे की नवाचार-आधारित लॉजिस्टिक्स रणनीति का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे न केवल संवेदनशील थोक माल का सुरक्षित और स्वच्छ परिवहन संभव होगा, बल्कि उद्योगों को तेज़, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल फ्रेट समाधान भी प्राप्त होंगे। पश्चिम रेलवे ‘फ्रेट ऑन रेल’ को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसी अभिनव पहलों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।” तेज़ और अत्यंत कुशल परीक्षण इस परीक्षण (ट्रायल) के दौरान 34.2 टन औद्योगिक नमक की लोडिंग मात्र 15 मिनट में पूर्ण की गई, जबकि अनलोडिंग का कार्य केवल 5 मिनट में संपन्न हुआ। यह उपलब्धि रेलवे फ्रेट लॉजिस्टिक्स में त्वरित टर्नअराउंड समय और उच्च परिचालन दक्षता को दर्शाती है। लोडिंग कार्य कांडला विशेष आर्थिक क्षेत्र (KASEZ) के समीप स्थित वे-ब्रिज (Weigh Bridge) पर सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। तकनीकी विवरण • कंटेनर प्रकार: स्टेनलेस स्टील कंटेनर • लंबाई: 20 फीट • ऊँचाई: 8.5 फीट • चौड़ाई: 8.5 फीट यह कंटेनर स्टेनलेस स्टील से निर्मित है तथा नमक एवं अन्य संक्षारक (corrosive) थोक वस्तुओं के परिवहन के लिए उपयुक्त है। इसकी उच्च जंग-रोधी क्षमता कंटेनर की लंबी आयु एवं माल की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। लदान की व्यवस्था साइलो प्रणाली अथवा ऊपर से प्रोकेलिन (Proclain) मशीन द्वारा की जा सकती है। प्रत्येक कंटेनर में 7 फीट × 4 फीट आकार के दो टॉप ओपनिंग दिए गए हैं, जिससे तेज़ यंत्रीकृत लदान संभव होता है। प्रत्येक कंटेनर का टेयर वजन 3 टन है। एक BLCS/BLSS वैगन में दो कंटेनर लोड किए जा सकते हैं, जिससे प्रति वैगन 68.4 टन शुद्ध पेलोड प्राप्त होता है, जो BOXN खुले वैगनों के समकक्ष है। 48 वैगनों की एक पूर्ण BLSS रेक द्वारा लगभग 3,300 टन नमक का परिवहन किया जा सकता है। लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में नई दिशा स्टेनलेस स्टील कंटेनर के उपयोग से औद्योगिक नमक जैसे थोक माल के परिवहन में निम्नलिखित लाभ सुनिश्चित किए जा सकते हैं: • सुरक्षित एवं क्षरण-रहित परिवहन • तेज़ लोडिंग और अनलोडिंग प्रक्रिया • प्रदूषण-रहित एवं स्वच्छ हैंडलिंग • कम टर्नअराउंड समय एवं बेहतर लॉजिस्टिक दक्षता यह प्रणाली पारंपरिक BOXN लदान की तुलना में कई लाभ प्रदान करती है। इसमें वैगन की मैनुअल सफाई की आवश्यकता नहीं होती, तिरपाल लाइनिंग/कोटिंग की जरूरत समाप्त हो जाती है, लदान एवं उतारने का समय काफी कम होता है, माल की मिलावट एवं अपव्यय न्यूनतम होता है तथा वैगनों का टर्नअराउंड टाइम बेहतर होता है। इससे परिचालन दक्षता और यंत्रीकरण को बढ़ावा मिलता है। नमक जैसे सूखे थोक माल के परिवहन हेतु स्टेनलेस स्टील कंटेनरों का यह उपयोग विश्व स्तर पर अपनी तरह का पहला प्रयास है, जो भारतीय रेल में कंटेनर आधारित थोक लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक बड़ी नवाचारी पहल है। सतीश/10 फरवरी