नई दिल्ली (ईएमएस) दिल्ली हाईकोर्ट ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां, पत्नी व परिवार के सदस्यों से मंगलवार को कहा कि वे अपने मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाएं और ईश्वर से मिले दौलत के आशीर्वाद को अभिशाप में न बदलने दें। न्यायमूर्ति मिनी पुष्कर्णा ने स्थिति को दुखद करार दिया। उन्होंने कहा कि संपत्ति को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे परिवार के सदस्य शोक में हैं और उन्हें एक-दूसरे के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के प्रयास करने चाहिए। न्यायमूर्ति पुष्कर्णा ने संजय की मां रानी कपूर, पत्नी प्रिया कपूर और बहन मंदिरा कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ताओं से साथ बैठकर मुद्दों को इस तरह से सुलझाने के लिए कहा, जिससे सभी पक्षों के हितों की रक्षा हो सके। न्यायमूर्ति पुष्कर्णा ने कहा कि क्या मध्यस्थता की कोई गुंजाइश है? अदालत में आपकी निजी बातें सार्वजनिक हो रही हैं। ईश्वर ने आपको दौलत से नवाजा है। आप सभी को रिश्तों का सम्मान करने की कोशिश करनी चाहिए... आगे बढ़ने का रास्ता शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालना है। सुबोध/१०-०२-२०२६