कांकेर(ईएमएस)। नगर के शहीद गुंडाधुर चौक में भूमकाल दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने शहीद गुंडाधुर सहित भूमकाल आंदोलन के वीर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष को याद किया। विधायक मंडावी ने कहा कि भूमकाल आंदोलन बस्तर के इतिहास में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। शहीद गुंडाधुर के साहस और नेतृत्व ने आदिवासी समाज को संगठित किया, जो आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, भाषा, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए जागरूक रहने तथा शिक्षा और संगठन के जरिए आगे बढ़ने का आह्वान किया। आदिवासी समाज के वक्ताओं ने कहा कि भूमकाल दिवस सिर्फ स्मृति नहीं, बल्कि समाज की एकता और पहचान पर गर्व करने का अवसर है। उन्होंने नई पीढ़ी से महापुरुषों के बलिदान से सीख लेकर सामाजिक समरसता, शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल अध्यक्ष गोपी बढ़ाई, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनेश नरेटी, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि जगत दुग्गा, महत्तम दुग्गा, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुखचंद प्रजापति, विजय पटेल, हीरालाल कोमरे, मुकेश कुमार गावड़े सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)11 फरवरी 2026