धमतरी(ईएमएस)। जिले के केरेगांव क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भुगतान लंबित होने से परेशान सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर राशि जारी करने की मांग की। बताया गया कि करीब 7.46 लाख रुपए के कार्य पूरे होने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार 4 मई 2022 को जल जीवन मिशन के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र और सार्वजनिक शौचालयों में रनिंग वाटर की सुविधा के लिए कार्य स्वीकृत हुए थे। प्रशासकीय मंजूरी मिलने के बाद जून 2022 तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए और विभाग द्वारा मूल्यांकन भी कर लिया गया, लेकिन भुगतान अब तक नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि भुगतान लंबित होने से निर्माण सामग्री देने वाले दुकानदारों और मजदूरों का पैसा भी अटका है, जिससे लगातार दबाव बन रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर मांग की गई, पर समाधान नहीं निकला। इन गांवों में हुए कार्य: केरेगांव क्षेत्र के रायपारा, जामपानी, कुरमाझर, नाथूकोन्हा और केरेगांव में आंगनबाड़ी व अन्य भवनों में कार्य कराए गए। हर्राकोठी रायपारा व अन्य स्थानों पर लगभग 1.16-1.16 लाख रुपए के कार्य हुए, जबकि केरेगांव के माध्यमिक शाला भवन में करीब 50 हजार रुपए का काम कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द भुगतान कराने की मांग करते हुए कहा कि राशि मिलने से मजदूरों और सप्लायरों का बकाया चुकाया जा सकेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026