नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर मुकेश उर्फ पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने यह ऑपरेशन पूरी तरह खुफिया सूचना और पुख्ता सबूतों के आधार पर चलाया गया है। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर मुकेश उर्फ पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है। सख्त महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट के तहत की गई यह गिरफ्तारी नरेला और आसपास के इलाकों में अपराध की कमर तोड़ने वाली मानी जा रही है। लंबे समय से पुलिस की नजर में चल रहे इस गैंगस्टर की गिरफ्तारी से इलाके में दहशत फैलाने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह ऑपरेशन पूरी तरह खुफिया सूचना और पुख्ता सबूतों के आधार पर चलाया गया, जिसके बाद सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मुकेश को दबोच लिया गया। उसके खिलाफ थाना नरेला में दर्ज एफआईआर के तहत एमसीओसी एक्ट की धाराओं में मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका था, जिसके बाद कानूनी जांच पूरी होने पर गिरफ्तारी की गई। मुकेश उर्फ पुनीत जो 34 साल का है, उसने 2012 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और कुछ ही सालों में वह इलाके का खौफ बन गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार, अपहरण और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर अपराधों के 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। दिल्ली के अलावा हरियाणा में भी उसके खिलाफ कई संगीन केस दर्ज हैं।