राष्ट्रीय
11-Feb-2026


कोल्लम,(ईएमएस)। केरल के बहुचर्चित सबरीमाला गोल्ड चोरी मामले में पूर्व त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) अध्यक्ष एन. वासु को राहत मिली है। कोल्लम की विजिलेंस कोर्ट ने बुधवार को उन्हें शर्तों के साथ जमानत दे दी। वासु इस मामले में तीसरे आरोपी हैं। विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने उन्हें पिछले वर्ष 11 नवंबर को गिरफ्तार किया था। उन पर सबरीमाला मंदिर के गर्भगृह के दरवाजे के फ्रेम से जुड़े स्वर्ण संबंधी अनियमितताओं के मामले में आरोप हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, मामले में सोने की कथित हेराफेरी और प्रक्रियागत उल्लंघन की जांच चल रही है। अदालत ने जमानत देते हुए कुछ शर्तें लगाई हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने बताया कि औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद एन. वासु को जेल से रिहा किया जा सकता है। मामले की आगे की सुनवाई नियत तिथि पर होगी। हिदायत/ईएमएस 11फरवरी26