पणजी,(ईएमएस)। गोवा के भाजपा विधायक और मंत्री अतानासियो (बाबुश) मोनसेराटे को करीब एक दशक पुराने दुष्कर्म मामले में अदालत से बड़ी राहत मिली है। पणजी की विशेष अदालत ने बुधवार को उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। मोनसेराटे पर वर्ष 2016 में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा था। मामले की सुनवाई विशेष अदालत में चल रही थी। विशेष न्यायाधीश इरशाद आगा ने साक्ष्यों और प्रस्तुत दलीलों पर विचार करने के बाद मंत्री को आरोपों से मुक्त कर दिया। वर्तमान में मोनसेराटे गोवा सरकार में राजस्व विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं। अदालत के फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया। हालांकि, मामले को लेकर पहले राज्य की राजनीति में काफी विवाद हुआ था। अदालत के इस निर्णय के साथ 2016 से लंबित यह मामला समाप्त हो गया है, हालांकि कानूनी रूप से फैसले के खिलाफ उच्च अदालत में अपील की संभावना बनी रहती है। हिदायत/ईएमएस 11फरवरी26