* साबुन के डिब्बों में छिपाकर लाई गई 6.8 किलो हेरोइन; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय रैकेट की आशंका अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय (एसवीपीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6.8 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त की है। यह बरामदगी मलेशिया से अहमदाबाद पहुंचे एक यात्री के पास से की गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। कस्टम अधिकारियों ने नियमित स्क्रीनिंग के दौरान यात्री के सामान में संदिग्ध गतिविधि नोटिस की। इसके बाद विस्तृत तलाशी लेने पर कुल 29 पैकेट बरामद हुए। जांच में सामने आया कि हेरोइन को बेहद चालाकी से साबुन के पैकेजिंग बॉक्स में छिपाया गया था। इतना ही नहीं, प्रतिबंधित पदार्थ को चांदी के वर्क और कार्बन पेपर से ढंका गया था, ताकि एयरपोर्ट स्कैनर से बचा जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, तस्करी के इस तरीके से स्पष्ट है कि इसके पीछे संगठित अंतरराष्ट्रीय नार्कोटिक्स रैकेट सक्रिय हो सकता है। संदिग्ध यात्री को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हेरोइन का स्रोत क्या है और इसे किसे सौंपा जाना था। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने के लिए अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय भी किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तस्कर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देने के लिए नई-नई तरकीबें अपना रहे हैं, लेकिन सतर्कता के कारण बड़ी खेप पकड़ी गई। सतीश/11 फरवरी