ढाका (ईएमएस)। बांग्लादेश में आगामी राष्ट्रीय चुनाव से पहले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने देशवासियों से अपनी पार्टी की पिछली ‘गलतियों’ के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि अतीत में जनता के समर्थन से बीएनपी ने कई बार शासन किया, लेकिन उस दौरान अनजाने में कुछ गलतियां हुई होंगी, जिनके लिए वे दिल से माफी मांगते हैं। हालांकि उन्होंने किसी विशेष गलती का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके बयान को मां और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के शासनकाल से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल बांग्लादेश में 1991-96 और 2001-06 के बीच खालिदा जिया की सरकार थी। इस दौरान बीएनपी पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और प्रशासनिक पक्षपात के आरोप लगे थे। खासकर दूसरे कार्यकाल में तारिक रहमान पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और हवाला जैसे आरोप लगे। इतना ही नहीं बांग्लादेशी अवाम के बीच यह बात चर्चा में थी जिसमें पार्टी कार्यालय ‘हवा भवन’ को भ्रष्टाचार का केंद्र बताया जाता था। इसके अलावा प्रशासनिक नियुक्तियों में योग्यता के बजाय वफादारी को प्राथमिकता देने के आरोप भी लगे। जमात-ए-इस्लामी जैसी पार्टियों के साथ गठबंधन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कमजोरी को लेकर भी आलोचना हुई। 2006 के बाद राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी और 2007 में आपातकाल लागू करना पड़ा। अपने संबोधन में रहमान ने कहा कि बीएनपी ने पिछली गलतियों से सीख ली है और अब एक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बांग्लादेश बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए दो कार्यकाल की सीमा, मेरिट आधारित नियुक्तियां और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीतियां लागू करने का वादा किया। बीएनपी के चुनावी घोषणा पत्र में गरीब परिवारों को हर महीने 2,500 टका सहायता या आवश्यक वस्तुएं देने, किसानों को सब्सिडी और बीमा, 1 लाख स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती, लड़कियों को मुफ्त पोस्टग्रेजुएट शिक्षा और युवाओं के लिए 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया गया है। आशीष दुबे / 11 फरवरी 2026