कैनबरा (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया की संसद में कंडोम से जुड़े टॉपिक को लेकर अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। 9 फरवरी को सदन में सीनेट एस्टिमेट्स समिति की बैठक चल रही थी। इसी दौरान एक महिला सांसद ने कंडोम को लेकर हैरान कर देने वाला सवाल पूछ डाला, उन्होंने जब माइक पर सवाल उछालते हुए कहा कि ‘संसद भवन के जिम में कंडोम की उपलब्धता पर महिलाओं और पुरुषों में अंतर क्यों किया जा रहा है? उनका ये सवाल सुनकर सदन में मौजूद नेताओं की घिग्घी बंध गई। दरअसल, लिबरल सीनेटर जेन ह्यूम ने संसद भवन के जिम के वॉशरूम में कंडोम की उपलब्धता में एक अनोखी विसंगति की ओर इशारा किया। सीनेटर ह्यूम ने बताया कि संसद भवन के जिम में महिलाओं के चेंजिंग रूम में तो कंडोम उपलब्ध हैं, लेकिन पुरुषों के चेंजिंग रूम में नहीं। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे सेक्शुएल हेल्थ की पूरी जिम्मेदारी केवल महिलाओं पर डाल दी गई है, जबकि पुरुषों को इसके लिए बराबर का जिम्मेदार नहीं माना जा रहा। सुबोध/११-०२-२०२६