क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। सकरी क्षेत्र के रामा लाइफ सिटी में किराए पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र की सडक़ हादसे में मौत हो गई। मंगलवार तडक़े जिला न्यायालय के सामने तेज रफ्तार भारी वाहन ने छात्र की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी हनुमंत सिंह श्याम तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। उनके पुत्र मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23 वर्ष) सकरी के रामा लाइफ सिटी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे मणिंद्र भूषण बाइक से घूमने के लिए निकले थे। जब वे कलेक्टोरेट के पास जिला न्यायालय के सामने पहुंचे, उसी दौरान एक भारी वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मणिंद्र भूषण सडक़ पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल भारी वाहन की तलाश की जा रही है। मनोज राज 11 फरवरी 2026