क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


- चार अधीक्षक निलंबित बीजापुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पोटाकेबिन आवासीय विद्यालयों में बच्चों के नाम पर लाखों रुपए के घोटाले का मामला सामने आया है। जांच में पाया गया कि बच्चों की फर्जी उपस्थिति दर्ज कर भोजन एवं राशन मद से राशि आहरित की गई। इसके अलावा मेस चार्ज का सही लेखा-जोखा न रखना और अन्य वित्तीय अनियमितताएं भी उजागर हुई हैं। घोषणा के अनुसार, शासन ने चार प्रभारी अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में शामिल हैं आदित्य ठाकुर, प्रभारी अधीक्षक नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक आवासीय विद्यालय भटवाड़ा,लक्ष्मीनारायण ओढदल, प्रभारी अधीक्षक आवासीय विद्यालय सेण्ड्रापल्ली,पुष्पलता सोनी, प्रभारी अधीक्षक आवासीय विद्यालय संगमपल्ली,रघुनंदन मौर्य, प्रभारी अधीक्षक आवासीय विद्यालय भटवाड़ा जिला शिक्षा विभाग को मिली शिकायत के आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा ने जांच के आदेश दिए। गठित जांच दल ने विभिन्न पोटाकेबिनों में दस्तावेजों और वास्तविक उपस्थिति का मिलान किया। जांच में यह पाया गया कि दस्तावेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत दर्शाई गई, जबकि मौके पर आधे से भी कम छात्र मौजूद थे। जांच टीम ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई से अक्टूबर के बीच बड़ी संख्या में छात्र अनुपस्थित थे, फिर भी उनके नाम पर नियमित रूप से सब्जी और राशन की खरीदी दर्शाई गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि राशन और सब्जी के नाम पर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया। शासन ने मामले को गंभीर मानते हुए निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026