क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


चंबा,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सचुईं पंचायत के बाड़ी गांव में सोमवार को रोहित कुमार नामक युवक को सिविल अस्पताल भरमौर मृत अवस्था में लाया गया। अब इस मामले में जांच के दौरान पंजाब से आए दो युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किए जाने से प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता रमेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार रात जालंधर (पंजाब) से आए दो युवक उनके पुश्तैनी घर में रोहित के साथ एक ही कमरे में ठहरे थे। सोमवार सुबह जीवांशु नामक युवक ने फोन कर सूचना दी कि रोहित बेहोश पड़ा है। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने प्रारंभिक बयान में किसी पर सीधे तौर पर संदेह व्यक्त नहीं किया है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। गांव में घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस को आशंका है कि रात के समय तीनों ने नशे का सेवन किया हो सकता है। इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने भरमौर हेलीपैड के समीप खड़ी आरोपितों की कार (पीबी-08-सीजेड-8316) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो लिफाफों में कुल 2.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों युवकों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 30 वर्षीय जीवांशु दुआ निवासी महाराजा गार्डन, जालंधर और 25 वर्षीय कर्ण निवासी मखदूमपुरा, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि रोहित कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और रासायनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।