क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। भेड़ाघाट थाना अतंर्गत ग्राम तेवर में मंगलवार की देर रात 11 बजे एक घर की रसोई में कोबरा नाग के घुस आने से हड़कंप मच गया। पटेल परिवार ने रात भर दहशत में गुजारी, बुधवार की सुबह सर्प विशेषज्ञ ने रेस्क्यू किया और नाग को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया| प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तेवर निवासी गीता प्रसाद पटेल के घर में रात करीब 12 बजे एक चमकदार काला नाग रसोई कक्ष में प्रवेश कर गया। इसी दौरान वहां रखा एक प्लास्टिक का डिब्बा गिरने से नाग भड़क गया और तेजी से फुंफकारने लगा। अचानक सामने नाग को देख परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। डर के कारण किसी ने उसे छेड़ने का साहस नहीं किया और पूरी रात सतर्कता के साथ बिताई। सुबह करीब 7:15 बजे परिवार के सदस्य दीपक पटेल ने सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी। सूचना मिलने पर दुबे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सांप को पकड़ लिया। बाद में उसे सुरक्षित रूप से बरगी के वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने बताया कि पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का नाग है। इन दिनों खेतों में सिंचाई का कार्य चलने से मिट्टी में ठंडक बढ़ जाती है, जिसके कारण सर्प अक्सर सुरक्षित और गर्म स्थान की तलाश में घरों की ओर रुख कर लेते हैं।