क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


-हत्या की तलाश में सागर पुलिस की दबिश जबलपुर (ईएमएस)। सागर जिले के शाहगढ़ में नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी की तलाश अब जबलपुर तक तेज हो गई है। आरोपी के जबलपुर निवासी होने के कारण स्थानीय पुलिस भी अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। सागर पुलिस की टीम लगातार जबलपुर पहुंचकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात के सात दिन बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश सागर से लेकर जबलपुर तक जारी है, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा है। फरार आरोपी 28 वर्षीय सुशील चढ़ार निवासी मुड़िया पनागर, जबलपुर का रहने वाला है। रिश्तेदारों से पूछताछ......... जबलपुर एंगल के चलते इस मामले को लेकर शहर में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। सागर से आई पुलिस टीम ने पनागर क्षेत्र स्थित आरोपी के घर सहित रिश्तेदारों के निवासों पर दबिश दी, हालांकि आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पिछले सात दिनों से सागर पुलिस के साथ जबलपुर की पाटन और पनागर पुलिस संयुक्त रूप से आरोपी को तलाशने दबिश दे रही है। क्या है मामला ……. घटना 4 फरवरी की रात की है, जब नर्स दीपशिखा रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक की ड्यूटी के लिए अपने कमरे से पैदल अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल गेट के पास आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर उसने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और जेब से देशी कट्टा निकालकर तीन फायर कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई| आरोपी मृतिका का मौसेरा भाई है। एकतरफा प्रेम बना हत्या की वजह …… मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी नर्स का रिश्ते में मौसी का बेटा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एकतरफा प्रेम करता था और शादी करना चाहता था। इसी जुनून में उसने वारदात को अंजाम दिया।