ग्वालियर ( ईएमएस ) | नगर निगम संग्रहालय का अपर आयुक्त टी.प्रतीक राव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कर उन्हें जनता के लिए खोलने का निर्देश दिए। साथ ही डिस्प्ले और आर्ट को पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं। उल्लेखनीय है कि नगर निगम संग्रहालय का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। साथ ही म्यूजियम का विस्तार भी किया गया है। म्यूजियम में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय एवं एक शासकीय कार्यालय को भी शामिल किया गया है। म्यूजियम का सिविल वर्क लगभग पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में संग्रहालय के अंदर रखी वस्तुओं को डिस्प्ले करने का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही तीसरी मंजिल की छत से पानी के रिसाव के कारण खराब हो चुके आर्ट वर्क को ठीक किया जा रहा है। अपर आयुक्त टी.प्रतीक राव ने आर्ट वर्क एवं डिस्प्ले के कार्यो को तेज गति से करने के निर्देश ठेकेदार एवं अधिकारियों को दिए हैं। संग्रहालय में यह होने थे कार्य स्टेट काल के समय बनी इमारत मेें नगर निगम का संग्रहालय मौजूद है। इस संग्रहालय में 4000 से ज्यादा दुर्लभ कलाकृतियां, प्रतिमाएं, जानवरों की खालें, सिक्के, हाथी दांत से बनी कलाकृतियां आदि रखी हुई हैं। चूंकि म्यूजियम का स्पेस छोटा था, इसलिए अधिकांश वस्तुओं को प्रदर्शित ही नहीं किया गया था। इन सभी वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही म्यूजियम में एसी आदि की व्यवस्था की जाएगी।