इन्दौर (ईएमएस) गर्मी की आहट शुरू होने के साथ ही शहर में पानी की किल्लत के साथ विवाद और मारपीट की घटना की भी शुरुआत हो गई है। ऐसी ही एक घटना पब्लिक बोरिंग से पानी भरने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुई जिसमें विवाद, मारपीट और जान से मारने की धमकी के बाद एक युवक के घायल हो जाने पर मामला थाने तक जा पहुंचा। मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करा पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मण दांगी निवासी ग्राम कोलोद करताल ने शिकायत दर्ज कराते बताया कि उसके पड़ोसी राकेश चौहान, मुनालाल चौहान पब्लिक बोरिंग से पानी भरने को लेकर आए दिन विवाद करते हैं। कल भी इसी दौरान उनके आठ वर्षीय भतीजे के साथ गाली-गलौज की। विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी जब मैं बीच-बचाव करने गया तो पत्थर से मेरे सिर पर वार किया, जिससे मै गंभीर रूप से घायल हो गया हूं। आरोपियों ने धमकी दी भविष्य में बोरिंग से पानी भरा तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने कायमी कर घायल का मेडिकल कराया और कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 11 फरवरी 2026