बहन के बारे में भद्दी टिप्पणी करने पर की थी दोस्त अरविंद ने हत्या सीसीटीवी के सुराग के आधार पर हुआ किशोर की हत्या का खुलासा हत्यारोपी अरविंद को किया मथुरा से गिरफ्तार, मृतक का मोबाइल बरामद हरिद्वार (ईएमएस)। कनखल पुलिस ने तीन दिन पूर्व क्षेत्र में हुई किशोर की हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपी ने मृतक कुनाल की हत्या करना स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि कुनाल ने उसकी बहनोें के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसका विरोध करने पर कुनाल ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी बात से नाराज होकर उसने कुनाल के सिर पर पथर से वार कर हत्या फरार हो गया। इस हत्याकांड का खुलासा एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बुधावार को थाना कनखल परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि कनखल पुलिस ने सूचना पर 07 फरवरी 26 को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाडियों में खून से लतपथ एक किशोर का शव बरामद किया था। जिसकी शिनाख्त करने पर मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश (16) निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया था। पुलिस ने हत्या का खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमे गठित की गई थी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल से लेकर आसपास इलाकों के कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। इस दौरान एक सीसीटीवी कैमरे में मृतक कुनाल शराब के ठेके से शराब लेकर स्कूटी सवार एक अन्य युवक के साथ जाता देखा गया। पुलिस ने स्कूटी सवार युवक की शिनाख्त के प्रयस किये गये तो उसकी पहचान अरविन्द ऊर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा निवासी पतवारी मन्दिर के पीछे दुर्गा कॉलोनी थाना गोवर्धन मथुरा उ0प्र0 हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल जनपद हरिद्वार के रूप में हुई, जो घटना के बाद से मथुरा फरार हो गया था। कप्तान ने बताया कि पुलिस टीम संदिग्ध अरविंद की तलाश में मथुरा पहुंची और उसको वहां से गिरफ्तार कर हरिद्वार लेकर पहुंची। पूछताछ के दौरान अरविंद ने कुनाल की हत्या करना स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि कुछ महीनों से वह अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था, वहीं पडोस में रहने वाला कुनाल उसका दोस्त बन गया। 06 फरवरी की रात दोनों ने एक साथ बैठकर शराब पी, नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर गंदे लांछन लगाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि जिसपर अरविंद द्वारा विरोध करने पर कुनाल ने उसके साथ मारपीट की। जिसकारण गुस्से में आकर उसने पत्थर से उसके सिर पर वार दिया, जिस कारण कुनाल की मौत हो गई। जिसके बाद वह मथुरा चला गया। पुलिस ने हत्यारोपी अरविंद के पास से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। (फोटो-13) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 फरवरी 2026