क्षेत्रीय
11-Feb-2026


मतदान केंदों पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई पंडित दीनदयाल की पुण्यतिथि सिरोंज (ईएमएस)। एकात्म मानववाद के प्रणेता जनसंघ के संस्थापक सदस्य भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणा पुंज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विधायक उमाकांत शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने लटेरी रोड स्थित दीनदयाल मानस उद्यान में एकत्रित होकर पंडित दीनदयाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक उमाकांत शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी संगठन की रीति नीति से अवगत कराते हुए दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रदत्त एकात्म मानववाद के सिद्धांत को चरितार्थ करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण करने की विचारधारा को अंगीकार करते हुए जनकल्याण में सहभागिता करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद दीनदयाल जी का मूल दर्शन है,जो मनुष्य को शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के रूप में देखता है और आर्थिक विकास को सिर्फ भौतिक नहीं, बल्कि सर्वांगीण मानता है। इसके साथ ही अंत्योदय के कल्याण से आर्थिक विकास का लाभ समाज के सबसे गरीब और वंचित व्यक्ति तक पहुँच तथा शोषण मुक्त समाज का निर्माण हो। मतदान केंद्रों पर मनाई गई पुण्यतिथि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के आव्हान पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि नगर मंडल के प्रत्येक मतदान केंद्र पर श्रद्धापूर्वक रूप से मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय संगठन द्वारा तय किए गए वक्ताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर भारतीय राजनीति में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन वृत पर अपने विचार बूथ कार्यकर्ताओं के समक्ष रखें। नगर के विभिन्न वार्डों के अंतर्गत आने वाले बूथ केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए एकात्म मानववाद के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के कल्याण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि भारतीय राजनीति के अजात शत्रु कहे जाने वाले दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए जनकल्याण के मार्ग का अनुसरण करके ही भाजपा की सरकारें अंतिम छोर के व्यक्ति के कल्याण के लिए योजनाओं को साकार कर रही है। आज उनकी पुण्यतिथि को हम समर्पण दिवस के रूप में भी मनाते हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा पार्टी संगठन को किए गए आर्थिक सहयोग से ही हमारे वर्ष भर कर कार्यालय संचालन एवं संगठनात्मक व्यय किए जाते हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने विधायक उमाकांत शर्मा के जिलाध्यक्षीय कार्यकाल को भी याद करते हुए कहा कि एक दिन में पूरे विदिशा जिले में समर्पण राशि एकत्रित करवा कर एक मिसाल स्थापित की है। वर्तमान में वह एक सेवक के नाते सिरोंज लटेरी विधानसभा क्षेत्र को विकसित बनाने में दिनरात परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए सर्व वर्ग के कल्याण के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष सीताराम कुशवाह,नपाध्यक्ष मनमोहन साहू,हरीबाबू भार्गव, रमेश यादव,शिव कुमार भार्गव, संतोष चौरे,अनिल यादव, नपा उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, हरिचरण अहिरवार, रुपेश यादव, सचिन शर्मा, सहित बूथ अध्यक्षगण,जनप्रतिनिधि, बूथ कार्य समितियां एवं नागरिकगण उपस्थित रहे। ईएमएस/सलमान खान/ 11 फरवरी 2026