क्षेत्रीय
11-Feb-2026


ब्रज की राइ, पारंपरिक लोकनृत्य,भक्ति, संगीत में उमड़ा आस्था का जन सैलाब नोहलेश्वर महोत्सव बना ऐतिहासिक दमोह (ईएमएस)। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन एवं महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव 2026 का पंचम दिवस भक्ति, संस्कृति और जनआस्था के भव्य उत्सव में अपार जनसमर्थन प्राप्त हुआ। नोहटा स्थित नोहलेश्वर धाम में आयोजित पारंपरिक ब्रज की राई लोक नृत्य में आस्था का जन सैलाब देखने मिला जिसने पिछले साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं उपस्थित अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्री गणेश के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि नोहटा जैसे सांस्कृतिक केंद्रों पर आयोजित महोत्सव जन-जन को जोड़ने का कार्य करते हैं। नोहलेश्वर महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए अवसरों का उत्सव है। मुख्यमंत्री जी का आगमन इस क्षेत्र को नई पहचान और नई संभावनाएँ देगा। नोहलेश्वर महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह स्थानीय कला, संस्कृति और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का एक सशक्त मंच भी बनकर उभर रहा है। और साथ ही मेले का आकर्षण और विभिन्न प्रकार के एडवेंचर एक्टिविटी आकर्षण का केंद्र है और हॉट एयर बैलून भी मेले में शामिल हो चुका हैं तो आप सभी उसका भी लुत्फ उठाए। महोत्सव के मंच से जिले के समस्त पत्रकारो का हुआ सम्मान महोत्सव को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले लोकतंत्र के चौथे स्तंभ जिले के समस्त सम्मानीय पत्रकार बंधुओं का मंच के माध्यम से संस्कृति पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं मेले के संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी के द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया जिसमे एक मंच पर जिले के समस्त पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति ने एकता का अनोखा संदेश प्रस्तुत किया जो अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। प्रसिद्ध लोकगीत गायक जितेंद्र खरे जित्तू एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत सुमधुर लोकगीतों ब्रज की सांस्कृतिक राई लोकनृत्य ने महोत्सव में उपस्थित जनसेलाब को जमकर नचाया और साथ राज्यमंत्री लोधी ने पुष्प वर्षा कर फूलो की होली खेली इस भक्तिमय माहौल ने परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। ब्रज की राई में भक्ति के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संदेश देखने को मिला। इससे पूर्व स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। चारों ओर दर्शक कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। मुख्य कार्यक्रम के पूर्व स्थानीय कलाकारो ने अपनी प्रस्तुति दी जिसमे स्थानीय प्रतिभाओं को महोत्सव के मंच अपनी प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिला और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजीव अयाची, जुगल शर्मा, अमन जैन, ब्रजेन्द्र राठौर ने किया। ईएमएस / : 11 फरवरी 2026