क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सीमावर्ती जनपद एटा के साथ समन्वय स्थापित करने हेतु बुधवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और रूट डायवर्जन की रणनीति तय की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर फिरोजाबाद के नेतृत्व में जिले के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चर्चा का मुख्य फोकस कासगंज से एटा होते हुए फिरोजाबाद में प्रवेश करने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर रहा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी टूंडला और जसराना समेत थाना टूंडला, रजावली, पचोखरा, एका, फरिहा और जसराना के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एटा पुलिस के साथ मिलकर यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत योजना बनाई, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके। पुलिस के मीडिया सेल की तरफ से जानकारी दी गयी है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस ने महाशिवरात्रि के मद्देनजर 12 फरवरी शाम 6 बजे से 15 फरवरी शाम 6 बजे तक जिले में विशेष रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक रास्तों से यातायात संचालित किया जाएगा। आगरा से टूंडला होकर एटा जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन मोहम्मदाबाद कट से एनएच-19 टोल होते हुए फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, अरांव, घिरोर और कुरावली के रास्ते कानपुर-अलीगढ़ हाईवे से एटा जाएंगे, वहीं एटा से आगरा आने वाले वाहन इसी मार्ग से होकर गुजरेंगे। आगरा से आने वाले वाहनों के लिए टूंडला, पचोखरा, रजावली और सकरौली की ओर जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि एटा से आगरा की दिशा में भी इन मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। फिरोजाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को सर्विस रोड से बड़े चौराहा टूंडला जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें ओवरब्रिज से होकर आगरा की तरफ भेजा जाएगा। टोल टैक्स टूंडला से जाजपुर बंबा और निहाल सिंह की पुलिया की ओर चार पहिया व भारी वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। एटा-जसराना मार्ग को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है, जहां से वाहनों को एनएच-34 के जरिए कुरावली, अरांव और शिकोहाबाद होकर फिरोजाबाद भेजा जाएगा। इटावा और कानपुर से आने वाले वाहनों को शिकोहाबाद में मैनपुरी और एटा चौराहा की ओर जाने से रोका जाएगा और उन्हें सीधे पुल के ऊपर से फिरोजाबाद की तरफ मोड़ा जाएगा। बटेश्वर पुल से आगरा की ओर जाने वाले वाहनों पर नसीरपुर मार्ग की सीमा में रोक रहेगी, जबकि शिकोहाबाद और नसीरपुर से बटेश्वर मार्ग की तरफ जाने वाले सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सिरसागंज से नानेमऊ पुलिया होकर नसीरपुर रोड जाने वाले वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। इसके अलावा बाईपास हाईवे से बिछवा रोड और रजावली रोड पर भारी वाहनों का आवागमन नहीं होगा। नारखी और कोटला से मुस्तफाबाद रोड पर भी भारी वाहन नहीं चल सकेंगे। शिकोहाबाद से मुस्तफाबाद-अवागढ़ मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा और अवागढ़ जाने वाले वाहनों को अरांव, घिरोर और कुरावली होकर भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। आपको बता दें कि कांवड़िए कासगंज जनपद के सौरो जी से कांवड़ यात्रा शुरू करते है और एटा, फिरोजाबाद जिले की सीमा में प्रवेश कर विभिन्न रास्तों के जरिये आगरा के बटेश्वर, आगरा शहर के कई बड़े मंदिरों में जाकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करते है। ईएमएस