क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


* फुटपाथ नागरिकों के चलने के लिए होती है ना कि अतिक्रमण के लिए- सहायक आयुक्त गणेश शिंपी उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर में सड़कों पर अतिक्रमण एक गंभीर समस्या बनी हुई है और इसके चलते भीषण ट्रैफिक जाम का सामना लोगों को करना पड़ता है। हालांकि मनपा समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर अतिक्रमण कारियों से दंड वसूलती है लेकिन समस्य जस की तस बनी हुई है। इसी कड़ी में एक बार फिर मनपा आयुक्त मनीषा आव्हाले के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग के प्रमुख व मनपा के सहायक आयुक्त गणेश शिंपी ने उल्हासनगर के कैंप तीन में फुटपाथ और मुख्य सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की। बुधवार को यह कार्रवाई विट्ठलवाड़ी स्टेशन रोड, बाबूजी नगर, काजल पेट्रोल पंप क्षेत्र और डॉ. बाबा साहब अंबेडकर चौक से सी ब्लॉक रोड तक विशेष अभियान चलाकर किया गया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ और रास्तों पर सामान रखकर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। कई स्थानों से अतिक्रमित सामान भी मनपा द्वारा जप्त किया गया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े किए गए बड़े-बड़े ट्रकों पर उल्हासनगर की यातायात पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटे। अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ऑनलाइन चालान किए गए हैं। सहायक आयुक्त गणेश शिंपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फुटपाथ नागरिकों के चलने के लिए होती है ना कि अतिक्रमण के लिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। संतोष झा- ११ फरवरी/२०२६/ईएमएस