क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


बलौदाबाजार-भाटापारा (ईएमएस)। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए संचालित जांच-पड़ताल अभियान के तहत आज आबकारी विभाग की टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 46 बल्क लीटर से अधिक अवैध देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया। मिली जानकारी के अनुसार पलारी क्षेत्र में बाल समुंद तालाब के पास विमल गुटखा के बड़े थैले में लावारिस अवस्था में रखे 98 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया। जब्त मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 9,800 रुपये है। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है। इसी क्रम में थाना पलारी अंतर्गत ग्राम टीला निवासी आरोपी तेजेश्वर गहिरवारे के कब्जे से 7.2 लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 4,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। बलौदाबाजार वृत्त में ग्राम करमंदा निवासी आरोपी डागेश्वर प्रसाद वर्मा के कब्जे से 7.2 लीटर तथा ग्राम लवन निवासी आरोपी संदीप निषाद के कब्जे से 9 लीटर देशी मदिरा मसाला, इस प्रकार कुल 16.2 बल्क लीटर जब्त किया गया। जब्त मदिरा का कुल बाजार मूल्य लगभग 9,000 रुपये अनुमानित है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। इसके अतिरिक्त सिमगा क्षेत्र में ग्राम साराडीह, थाना सहुेला निवासी आरोपी संतु कटेर के कब्जे से 5.4 लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 3,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सत्यप्रकाश/चंरकर/11 फरवरी 2026