:: आईएचएम भोपाल में आयोजित हुआ भव्य पुरस्कार वितरण समारोह; पर्यटन को बढ़ावा देने की अनूठी पहल :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। भारत पर्यटन मुंबई और इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में ‘देखो अपना देश’ कॉन्टैस्ट का राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह भोपाल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रतलाम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से केंद्रीय विद्यालय भोपाल (बैरसिया) और जवाहर नवोदय विद्यालय, बुरहानपुर को प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. और एमडी अभय अरविंद बेड़ेकर ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक सुश्री मालती दत्ता सहित अर्पित शाह, विकास पांडे, राकेश रंजन और रोहित सरीन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पर्यटन ब्रोशरों की रचनात्मकता की सराहना की। :: 15 लाख विद्यार्थियों तक पहुँची मुहिम :: पर्यटन मंत्रालय की इस प्रमुख पहल का उद्देश्य घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना और नागरिकों को देश की सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ना है। शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस स्कूल प्रतियोगिता में देश भर के 1900 केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों के करीब 15 लाख विद्यार्थियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया था। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को अपने जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारित हस्तलिखित और रचनात्मक ब्रोशर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। :: कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरे :: ब्रोशर प्रतियोगिता के दौरान देश भर से प्राप्त हजारों ब्रोशरों का पहले राज्य स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर की निर्णायक समितियों द्वारा गहन मूल्यांकन किया गया। विजेताओं का चयन ब्रोशर की सौंदर्य गुणवत्ता, दी गई जानकारी की गहराई और रचनात्मकता के आधार पर किया गया। गौरतलब है कि ‘देखो अपना देश’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी, जिसका उद्देश्य युवाओं में भारत के ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के प्रति जिज्ञासा और गर्व की भावना विकसित करना है। प्रकाश / 11 जनवरी 2026