:: एमिटी मीडिया फेस्ट-2026 का भव्य आगाज़; एआई और पत्रकारिता के तालमेल पर मंथन :: ग्वालियर (ईएमएस)। एमिटी यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय एमिटी मीडिया फेस्ट-2026 का शानदार शुभारंभ बुधवार को हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने उभरते पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सूचना की रफ्तार जितनी तेज हुई है, विश्वसनीयता का संकट उतना ही गहराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस युग में मानवीय संवेदनशीलता, नैतिकता और तथ्यों की सटीकता ही पत्रकारिता को जीवित रखेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो-चांसलर लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. शर्मा (सेवानिवृत्त) एवं कुलगुरु प्रो. आर.एस. तोमर ने किया। प्रो-चांसलर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का वह मजबूत स्तंभ है, जिसे आने वाली पीढ़ी को साहस और अटूट नैतिक मूल्यों के साथ संभालना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। कुलगुरु डॉ. तोमर ने विश्वास जताया कि यह फेस्ट विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से हटकर व्यावहारिक अनुभव और उद्योग जगत की बारीकियों को समझने का मंच प्रदान करेगा। :: बॉलीवुड हस्तियों से सजेगा दूसरा दिन :: फेस्ट के दूसरे दिन, 12 फरवरी को फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें बॉलीवुड अभिनेता योगेंद्र विक्रम सिंह तथा प्रख्यात लेखक व निर्देशक शांतनु गुप्ता विशेष रूप से शामिल होंगे। वे विद्यार्थियों के साथ फिल्म निर्माण, अभिनय और पटकथा लेखन के विविध पहलुओं पर सीधा संवाद करेंगे। उद्घाटन सत्र के दौरान रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. एम.पी. कौशिक और एमिटी स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन के प्रमुख डॉ. आदित्य शुक्ला सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। :: मीडिया कॉन्क्लेव में जुटेंगे दिग्गज :: आयोजन के अंतिम दिन, 13 फरवरी को एआई इन मीडिया एंड गवर्नेंस विषय पर महत्वपूर्ण मीडिया कॉन्क्लेव होगा। इस सत्र में देश के नामचीन पत्रकार और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इनमें एबीपी न्यूज के नीरज राजपूत, एनडीटीवी के अनुराग द्वारी, एशियन डिस्पेच की कृतिका गोयल, बिग एफएम की आरजे नैनी और मनीकंट्रोल के अभिनव गुप्ता शामिल हैं। विशेषज्ञ व्याख्यान और पैनल चर्चा के माध्यम से मीडिया के बदलते स्वरूप और भविष्य की चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रकाश / 11 जनवरी 2026