--बैठक करते जिलाधिकारी अतुल वत्स हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन फेज-2 व फेज-3 के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अवशेष एवं लंबित कार्यों को शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त श्रमिक व संसाधन तैनात कर कार्यों में तेजी लाने, दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा मानकों के अनुरूप निर्माण कराने को कहा। पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, हाउस कनेक्शन व पंप हाउस निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने, पूर्ण ग्रामों में ट्रायल रन कर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा खुदाई वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि जनपद में 280 पेयजल योजनाओं (598 राजस्व ग्राम) की डीपीआर तैयार है। फेज-2 में 28 तथा फेज-3 में 252 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। फेज-2 में 47,498 के सापेक्ष 43,095 गृह संयोजन व 843 किमी के सापेक्ष 769 किमी पाइपलाइन कार्य पूर्ण हुआ है। फेज-3 में 1,60,360 के सापेक्ष 84,308 गृह संयोजन व 2650 किमी के सापेक्ष 2072 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। शेष कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कर हर घर नल से जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 11 फरवरी 2026