हाथरस (ईएमएस)। भारतीय वैश्य समाज सभा का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री एवं विधायक महेश गुप्ता के साथ लखनऊ स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से शिष्टाचार भेंट हेतु मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने किया। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में वैश्य समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में अधिक प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग रखी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वैश्य समाज लंबे समय से भाजपा का समर्थक रहा है और संगठनात्मक व आर्थिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाता है, इसलिए उसे विधानसभा में समुचित भागीदारी मिलनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मार्च माह में आगरा में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। साथ ही संगठन के सुचारू संचालन के लिए लखनऊ व गाजियाबाद में स्थायी कार्यालय हेतु स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा कर विरोध दर्ज कराया गया। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में संजीव कुमार वार्ष्णेय, विनोद कुमार अग्रवाल, सत्यप्रवीर गुप्ता और वैभव केला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 11 फरवरी 2026